अनिल अंबानी की कई कंपनियां हैं जो किसी ना किसी बहाने खबरों में बनी हुई हैं। इनमें से एक कंपनी रिलायंस कैपिटल लिमिटेड है। रिलायंस कैपिटल की दिवालिया प्रक्रिया चल रही है तो वहीं मैनेजमेंट में भी एक झटका लगा है। इन तमाम खबरों के बावजूद रिलायंस कैपिटल के शेयर में खरीदारी बढ़ती जा रही है।
सीईओ ने दिया इस्तीफा: रिलायंस कैपिटल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ)धनंजय तिवारी ने इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने अपनी नियामक फाइलिंग में तिवारी के इस्तीफे का कारण स्पष्ट नहीं करते हुए कहा कि वह 15 मार्च 2022 से सेवामुक्त हो गए।
शेयर की बढ़ी खरीदारी: इस खबर के बीच, गुरुवार के कारोबार में रिलायंस कैपिटल के शेयर की खरीदारी एक बार फिर बढ़ गई। रिलायंस कैपिटल में 5 फीसदी का अपर सर्किट लग गया और शेयर का भाव 16.62 रुपए के स्तर पर पहुंच गया। बीते चार दिनों से कंपनी का शेयर भाव लगातार बढ़ रहा है। बता दें कि 11 मार्च को कंपनी का शेयर भाव 14 रुपए से भी नीचे था।
बता दें कि रिलायंस कैपिटल दिवालिया प्रकिया से गुजर रही है। रिलायंस कैपिटल को खरीदने के लिए अडानी फिनसर्व, केकेआर, पीरामल फाइनेंस और पूनावाला फाइनेंस समेत 14 प्रमुख कंपनियों ने रूचि दिखाईं हैं।