मंत्रालय के कर्मचारी ने की खुदकुशी, पत्नी ने भी कहा कूद जाओ

रायपुर– रविवार की रात एक सरकारी कर्मचारी ने खुदकुशी कर ली। अब तक हुई जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक इस कर्मचारी ने पारिवारिक विवाद से तंग आकर खुद की जिंदगी खत्म कर ली। नवा रायपुर की राखी थाने की पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करते हुए, छानबीन शुरू की है।

सेक्टर 27 में बने फ्लैट में मंत्रालय में काम करने वाला 33 साल का ओमप्रकाश अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। पुलिस के मुताबिक रविवार रात ओमप्रकाश का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसने 4 मंजिला इमारत की छत से नीचे कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश का अक्सर अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ करता था।

पारिवारिक विवाद के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस अब ओमप्रकाश के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। ओमप्रकाश मूलतः कोरबा का रहने वाला था । करीब 4 साल पहले उसकी शादी हुई थी। तब से वह रायपुर में ही अपनी पत्नी के साथ रह रहा था । ओमप्रकाश रायपुर के मंत्रालय में पीएचई विभाग में सहायक ग्रेड 3 के पद पर काम कर रहा था।