दर्दनाक सड़क हादसा- बोलेरो-टेम्पो भिड़ंत में 4 महिलाएं, 2 बच्चे और ड्राइवर की मौके पर ही मौत, 8 घायल, CM ने जताया दु:ख

यूपी के कासगंज में पटियाली-दरियाबगंज रोड पर अशोकपुर गांव के पास मंगलवार को बोलेरो और टेम्पो की भिड़ंत में 6 महिलाओं समेत 7 लोगों की मौत हो गई। इस भीषण हादसे में टेम्पो में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। इनमें टेम्पो ड्राइवर, 5 महिलाएं और 2 बच्चियां शामिल हैं। जबकि‍ बोलेरो में बैठे 8 लोग घायल हुए हैं। मरने वाले और घायल फर्रुखाबाद जिले के हैं। हादसे पर गहरा दु:ख जताते हुए मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्‍त परिवारीजनों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की है। उन्‍होंने अधिकारियों को तत्‍काल मौके पर पहुंचने और घायलों का नि:शुल्‍क उपचार कराने का भी निर्देश दिया है।

जैसे ही बोलेरो और टैम्पो पटियाली के अशोकपुर गांव के पास पहुंचे वैसे ही उनमें आमने-सामने की भिड़ंंत हो गई। हादसे में टेम्पो सवार 4 महिलाएं, 2 बच्चे और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बोलेरो सवार एक अन्‍य महिला की मौत अस्‍पताल पहुंचने के बाद हुई। मृतकों की पहचान कराने के लिए पुलिस ने उनके गांव से परिजनों को बुलाया है।

पटियाली के पास बहादुर नगर में भोले बाबा का आश्रम है। यहां हर मंगलवार को सत्संग होता है। इस सत्संग में शामिल होने के लिए चिरौली कायमगंज फर्रुखाबाद से किराये पर एक टेम्पो से सात महिलाएं और बच्चे आए थे। सत्संग से लौटकर टेम्पो सवार महिलाएं वापस अपने गांव लौट रही थीं। जबकि फर्रुखाबाद के गांव पजाबा से बोलेरो सवार आठ लोग सत्संग में भाग लेने जा रहे थे।