IPL 2022 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम का ऐलान

गुजरात टाइटन्स ने आईपीएल 2022 के साथ टूर्नामेंट में डेब्यू किया और सबसे पहले 15वें सीजन के प्लेऑफ का टिकट कटाया है। गुजरात की टीम ने मंगलवार को पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2022 के 57वें लीग मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स को 62 रन से हरा दिया। इसी के साथ गुजरात टाइटन्स आईपीएल 2022 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। गुजरात के खाते में अब 18 अंक हो गए हैं।

लखनऊ सुपर जाएंट्स के पास अभी भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने का मौका है। लखनऊ को दो और मुकाबले खेलने हैं और टीम एक मैच जीत जाती है तो आधिकारिक रूप से प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी, जबकि दोनों मैच हारने पर भी टीम के प्लेऑफ में पहुंचने के चांस बने रहेंगे, क्योंकि 16 अंक हासिल कर चुकी टीम शायद आईपीएल के इतिहास में प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं रही है।