पुलिस परिवार हुए सड़क हादसे का शिकार, बच्ची सहित दो की मौत, चार लोग घायल

धमतरी। जिले के नगरी थाना इलाके में भीषण सड़क हादसा हुआ है। हादसा उस समय हुआ जब आरक्षक परिवार शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ़्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन साल की बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं आरक्षक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह दलदली गांव के पास की है। रायपुर में पदस्थ आरक्षक धर्मेन्द्र मंडावी करेहा गांव से भंडारवाड़ी गांव शादी के लिए गये हुए थे। शादी के कार्यक्रम के बाद आरक्षक अपने परिवार के साथ वापस लौट रहे थे। कार उनका ड्राइवर लक्ष्मीनाथ मंडावी चला रहा था। इसी दौरान दलदली गांव के पास कार पलट गयी।

इस घटना में आरक्षक के अलावा रोहित नेताम, कसुमलता नेताम, जोहनी मरकाम गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं 3 साल की नेहा नेताम और 32 साल की कीर्ति नेताम की मौत हो गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। जबकि घायलों का इलाज चल रहा है।