सलमान खान की फिल्म से निकाले जाने की खबरों पर शहनाज गिल ने तोड़ी चुप्पी

शहनाज गिल के बारे में सोमवार को एक चौंकाने वाली खबर आई कि उन्हें सलमान खान की फिल्म ‘कभी ईद कभी दिवाली‘ से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। ऐसी भी रिपोर्ट थी कि शहनाज ने सलमान खान को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया है। शहनाज की डेब्यू फिल्म को लेकर जब इस तरह की खबरें फैलीं तो उनके फैन्स को निराशा हुई। अब ‘बिग बॉस‘ स्टार ने इस पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर कर इसे महज अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि वह फिल्म कर रही हैं।

शहनाज गिल के इंस्टाग्राम फॉलोइंग लिस्ट में देखें तो वह सलमान खान को फॉलो करती दिख रही हैं। शहनाज ने पोस्ट में लिखा, ‘LOL! पिछले कुछ हफ्ते से इस तरह की अफवाहें मेरे मनोरंजन का डेली डोज हैं। लोगों के फिल्म देखने का इंतजार है और निश्चित रूप से मैं भी फिल्म में हूं।‘ आगे उन्होंने हार्ट का इमोजी बनाया। बता दें कि फिल्म के सेट से शहनाज की तस्वीरें भी वायरल हुई थीं। उन्होंने शूटिंग शुरू कर दी थी लेकिन इसका आधिकारिक रूप से ऐलान नहीं किया गया कि शहनाज डेब्यू करने वाली हैं। एक अवॉर्ड फंक्शन में जब पत्रकारों ने उनसे उनकी फिल्म को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने सवाल को टाल दिया।