कानून की छात्रा ने फांसी लगाकर दे दी जान, सुसाइड पन्ने में लिखी ये बात

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में कानून की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह पढ़ाई के साथ नौकरी भी करती थी। कमरे से चार पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें जीवन से मायूस होकर आत्महत्या करने का जिक्र किया है।

टीआइ के मुताबिक, मूलत: अरेरा कालोनी भोपाल निवासी रश्मि रजनीश कुमार शुक्ला स्कीम-78 स्थित हर्षदीप मेंशन में किराए से रहती थी। शाम को फ्लैट से बदबू आने पर रहवासियों ने झांक कर देखा तो रश्मि फांसी पर लटकी हुई थी। रश्मि की बुआ की बेटी श्रुति दिनेश दुबे ने पुलिस को बताया कि शाम को कजिन बहन निक्की शुक्ला का दिल्ली से काल आया था। निक्की रश्मि को काल लगा रही थी लेकिन फोन रिसीव नहीं हो रहा था। करीब 6:30 बजे वह पहुंची तो रहवासियों ने घटना बताई। शव संभवत: तीन दिन पुराना है। एसआइ आरएस दंडोतिया के मुताबिक, कमरे से सुसाइड नोट मिला है। उसमें किसी पर आरोप तो नहीं लगाया लेकिन उसने जीवन से परेशान होकर आत्महत्या की है। एक अन्य घटना में तुलसी नगर निवासी शैलेंद्र पुत्र ओमप्रकाश सेन ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। लसूड़िया पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।