झरने के पास ले रहे थे सेल्फी, 4 छात्राओं की डूबने से मौत

कर्नाटक में एक झरने के पास सेल्फी लेने के दौरान फिसलकर डूबने से चार छात्राओं की मौत का मामला सामने आया है। यह घटना शनिवार दोपहर में बेलगावी तालुक की सीमा के पास स्थित किटवाड़ जलप्रपात में हुई। ये सभी बेलागवी की रहने वाली थीं और कामत गली में स्थित एक मदरसे के छात्राएं थीं। इनकी पहचान उज्ज्वल नगर की आसिया मुजावर (17), अंगोल के कुदशिया हसन पटेल (20), बेलगावी के जाटपत कॉलोनी की रुखसार भिस्ती (20) और तस्मिया के रूप में हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, मदरसे के कुल 40 छात्र शनिवार सुबह किटवाड़ झरना घूमने गए थे। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस उक्त हुआ जब वे झरने के पास खड़े होकर कुछ लोग सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से 5 छात्र पानी में गिर गए। तट के पास खड़े लोगों सहित कोई भी तैरना नहीं जानता था, इसलिए लड़की को बचाया नहीं जा सका।