महिला अपने दो बच्चों को फंदे से लटकाकर खुद फांसी पर झूल गई

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला अपने दो बच्चों को फंदे से लटकाकर खुद फांसी पर झूल गई. वहीं जब महिला के पति ने अपने जिगर के टुकड़ों को फांसी पर लटकते देखा तो उसने खुद भी सुसाइड का प्रयास किया. हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया है. घटना शुक्रवार की देर रात मार्टिन पुरवा इलाके का है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर तीनों शव कब्जे में लिए हैं.

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक मूल रूप से बिहार के रहने वाले रवि कुमार अपनी पत्नी सौम्या और दो बच्चों के साथ यहां मार्टिन पूरवा में किराए का घर लेकर रहते थे. वह यहां जिमखाना क्लब में काम करते हैं. शुक्रवार को वह काम पर गए थे. इधर, कुछ ऐसा हुआ कि उनकी पत्नी सौम्या ने अपने डेढ़ साल और तीन साल के बच्चों को फांसी पर लटका दिया और खुद भी तीसरा फंदा लगाकर उसपर झूल गई. चूंकि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए मामले की गुत्थी उलझती दिखाई दे रही है. उधर, पड़ोसियों ने बताया कि रवि की तनख्वाह कम थी और थोड़ा कंजूस भी था. इसकी वजह से आए दिन दंपत्ति में मनमुटाव और झगड़े होते रहते थे. पड़ोसियों ने आशंका जताई कि इस तिहरे सुसाइड केस की वजह रवि की कंजूसी भी हो सकती है. पड़ोसियों ने इस संबंध में पुलिस में बयान भी दिया है.