सैलरी न मिलने पर मालिक की गला काटकर की हत्या, फ्लैट में छिपाई लाश

हत्या का एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है. यहां सैलरी ने देने पर नौकर ने मालिकर की गला काटकर हत्या कर दी. पुलिस ने रविवार को बताया कि सोहना में वेतन को लेकर हुए विवाद में 62 वर्षीय एक व्यक्ति की उसके कर्मचारी ने कथित तौर पर हत्या कर दी.

पीड़ित की पहचान राजस्थान के मूल निवासी राजीव ओझा के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि वह धुनेला में सेरेनास सोसायटी में किराने की दुकान चलाता था. पुलिस ने आरोपी नौकर को गिरफ्तार कर लिया है. ओझा इसी सोसायटी के एक फ्लैट में अकेले रहते थे.

तनख्वाह को लेकर हुई दोनों में बहस

पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार रात की है जब आरोपी अर्जुन कुमार (22) राजीव ओझा से अपनी तनख्वाह लेने गया था और दोनों के बीच बहस हो गई. इसके बाद अर्जुन कुमार ने राजीव ओझा पर चाकू से वार किया और वहां से भाग गया.

तीन महीने पहले शुरू किया था काम

उन्होंने बताया कि आरोपी नौकर पिछले तीन महीने से ओझा के साथ काम कर रहा था. उन्होंने बताया कि ओझा का शव शनिवार को उनके फ्लैट में मिला और उनकी बेटी ने उनकी पहचान की. पुलिस के मुताबिक, मृतक की बेटी ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे किसी ने उसे उसके पिता की हत्या की सूचना दी.

सूचना मिलने पर वह अपनी मां और छोटे भाई के साथ अपने पिता के फ्लैट पर पहुंची, जहां उसने अपने पिता का शव फर्श पर पड़ा देखा. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया.

आरोपी ने अपना अपराध कबूला

पुलिस उपायुक्त सिद्धांत जैन ने बताया कि पुलिस ने रविवार को उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के बरौली खैरगढ़ गांव निवासी कुमार को गिरफ्तार किया. आरोपी अर्जुन कुमार ने अपना अपराध कबूल कर लिया है. डीसीपी ने कहा कि हमने आरोपी को शहर की अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है. हम आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं.