रायपुर- प्रदेश में दिनों-दिन बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। इसी के तहत सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। इस व्यापक विरोध प्रदर्शन की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को बिरगांव नगर निगम महापौर निवास में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री पंकज शर्मा, बिरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन, ग्रामीण विधानसभा प्रभारी राजेन्द्र बंजारे और जिला कांग्रेस (ग्रामीण) अध्यक्ष ऊधो वर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इस दौरान यह तय किया गया कि विरोध प्रदर्शन में भाग लेने वाले कार्यकर्ता किस रूट से रवाना होंगे और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण व प्रभावी बनाने के लिए किन-किन तैयारियों की आवश्यकता होगी।
युवा कांग्रेसियों को दी गई अहम जिम्मेदारियां
प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए युवा कांग्रेसियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रदर्शनकारियों के रूट, वाहनों की व्यवस्था, पुलिस प्रशासन से समन्वय और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर गहन चर्चा हुई। सभी नेताओं ने एकजुटता के साथ विरोध को जनआंदोलन का रूप देने की बात कही।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध, महिला असुरक्षा, और कानून व्यवस्था की गिरावट ने आम जनता को परेशान कर रखा है। अब समय आ गया है कि सरकार को जनता की आवाज सुननी ही होगी।