छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल के रोपवे में बड़ा हादसा टल गया। रविवार को अचानक एक ट्रॉली गिर जाने से उसमें सवार भाजपा के कई नेता घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी को हल्की चोटें आईं और समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे में भाजपा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता घायल
गिरी हुई ट्रॉली में प्रमुख रूप से राज्य आयोग के अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता राम सेवक पैकरा, भाजपा नेता भरत वर्मा, पार्षद दया सिंह, और सामाजिक कार्यकर्ता मनोज अग्रवाल सवार थे। घटना के तुरंत बाद सभी को पास के स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। भरत वर्मा सहित सभी को हाथों में चोटें आई हैं, हालांकि सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
मेंटेनेंस में लापरवाही बनी वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रोपवे की ट्रॉली में तकनीकी खराबी और मेंटेनेंस की लापरवाही हादसे की वजह बनी। बताया गया कि लंबे समय से रोपवे की उचित मरम्मत और तकनीकी जांच नहीं की गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉली अचानक झटका खाकर असंतुलित हो गई और नीचे गिर गई।
रोपवे सेवा अस्थायी रूप से बंद
घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। एहतियातन रोपवे सेवा को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई, श्रद्धालुओं में डर का माहौल देखने को मिला।