रायपुर। रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस में बवाल मच गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) द्वारा आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष घोषित किए जाने के बाद विवाद और गहरा गया है। इसी फैसले के विरोध में कांग्रेस के आठ में से पांच पार्षदों ने पार्टी से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम बजट से पहले शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष के रूप में नामित किया था और इसके लिए आधिकारिक पत्र भी जारी किया गया था। लेकिन अचानक PCC ने अपना रुख बदलते हुए आकाश तिवारी को यह जिम्मेदारी सौंप दी।
इस फैसले से नाराज संदीप साहू ने PCC पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा, “यह पूरी तरह से अलोकतांत्रिक निर्णय है। पहले नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने की पुष्टि हो चुकी थी, फिर अचानक नाम बदलना पार्षदों के आत्मसम्मान के साथ खिलवाड़ है।”
पार्टी में मचे इस घमासान के कारण नगर निगम में कांग्रेस की एकजुटता पर सवाल उठने लगे हैं। इस्तीफा देने वाले पार्षदों ने कहा है कि जब तक पार्टी नेतृत्व पारदर्शिता नहीं अपनाता, तब तक उनका समर्थन वापस रहेगा।
कांग्रेस नेतृत्व की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।