बीजापुर। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ पर सुरक्षाबलों ने अपने अदम्य साहस और रणनीतिक कौशल का परिचय देते हुए नक्सलियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन अंजाम दिया है। मंगलवार रात से शुरू हुए इस अभियान में बुधवार सुबह तक 22 नक्सलियों को मार गिराया गया है। माना जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है।
सूत्रों के अनुसार, पिछले पखवाड़े से कर्रेगुट्टा पहाड़ियों को चारों ओर से घेरने के बाद सुरक्षाबलों ने निर्णायक कार्रवाई शुरू की थी। इस अभियान में वायुसेना के हेलीकॉप्टर की भी मदद ली गई, जिनकी सहायता से जवानों को धोबे की पहाड़ियों पर उतारा गया था। यहीं से कर्रेगुट्टा पर चढ़ाई शुरू की गई थी।
कर्रेगुट्टा पहाड़ी को नक्सलियों का प्रमुख ठिकाना माना जाता है, जहां कई बड़े नक्सली लीडर छिपे होने की आशंका है। सुरक्षाबलों की लगातार बढ़त से अब यह पहाड़ी भी पूरी तरह उनके नियंत्रण में आने की स्थिति में है। बताया जा रहा है कि तीन में से दो पहाड़ियों पर पहले ही जवानों ने कब्जा कर लिया है।