फरीदाबाद के नंगला एन्क्लेव इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी सास को गोली मार दी। आरोपी रामवीर को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गोली लगने से घायल महिला रीता गिरी का अस्पताल में इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार वह अब खतरे से बाहर हैं।
पुलिस के अनुसार, रामवीर की शादी 2009 में रीता गिरी की बेटी प्रियंका से हुई थी। शादी के बाद से ही रामवीर पर पत्नी को प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप लगे हैं। इसी कारण प्रियंका ने रामवीर से अलग होकर अपनी मां के साथ रहना शुरू कर दिया था और उसके खिलाफ भरण-पोषण का मुकदमा भी दर्ज कराया था।
शिकायतकर्ता रीता गिरी ने बताया कि रामवीर उन पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था और लगातार धमकियां दे रहा था। शुक्रवार देर रात वह अचानक घर में घुस आया और उनके पेट में गोली मार दी। घटना के बाद परिजन रीता को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रामवीर ने बताया कि उसने प्रियंका से प्रेम विवाह किया था और उसके अलग होने के लिए सास को जिम्मेदार मानता है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रामवीर के पास बंदूक कहां से आई।
फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।