रायपुर। राजधानी से लगे रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। रात करीब 12:15 बजे ग्राम सारागांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रही माजदा वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल रायपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, चटौद गांव के 50 से अधिक ग्रामीण एक स्वराज माजदा वाहन में सवार होकर विवाह समारोह के बाद आयोजित छट्ठी कार्यक्रम से लौट रहे थे। तभी यह भीषण टक्कर हुई। मृतकों में एक वर्ष से कम उम्र का एक मासूम बच्चा और कई महिलाएं शामिल हैं।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि माजदा वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई लोग वाहन में फंस गए। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को बाहर निकाला।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मृतकों के परिजनों को शासन द्वारा आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है।