नई दिल्ली। हिंदी सिनेमा जगत को बड़ा झटका देते हुए लोकप्रिय अभिनेता मुकुल देव का नई दिल्ली में 54 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। ‘सन ऑफ सरदार’, ‘आर… राजकुमार’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार भूमिकाओं से दर्शकों का दिल जीतने वाले मुकुल देव का जाना फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
उनके बड़े भाई और अभिनेता राहुल देव ने सोशल मीडिया पर यह दुखद जानकारी साझा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “हमें आपको यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि हमारे भाई मुकुल देव का कल रात नई दिल्ली में निधन हो गया। उनके परिवार में उनकी बेटी सिया देव हैं। उनके भाई-बहन रश्मि कौशल, राहुल देव और भतीजे सिद्धांत देव उन्हें बहुत याद करेंगे। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 5 बजे होगा।”
मुकुल देव की करीबी मित्र और अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनकी एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए “RIP” लिखकर अपने शोक को व्यक्त किया।
मुकुल देव ने अपने करियर की शुरुआत 1990 के दशक में की थी और वह न केवल फिल्मों बल्कि टेलीविजन में भी एक चर्चित चेहरा रहे। उनकी आखिरी फिल्म ‘अंत द एंड’ थी, जिसमें उन्होंने दिव्या दत्ता के साथ अभिनय किया था।
उनकी प्रतिभा, विनम्र स्वभाव और मेहनती व्यक्तित्व के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ उनके लाखों प्रशंसक आज उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दे रहे हैं।