रायपुर। छत्तीसगढ़ की सामाजिक और धार्मिक सेवा के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित नाम, वरिष्ठ समाजसेवी एवं गौसेवक श्री रामजीलाल अग्रवाल का आज 96 वर्ष की आयु में शांतिपूर्ण निधन हो गया। उनके निधन से पूरे समाज में शोक की लहर है। वे अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय संरक्षक और जनसेवा के प्रतीक माने जाते थे।
श्री रामजीलाल अग्रवाल अपने पीछे एक भरा-पूरा और प्रतिष्ठित परिवार छोड़ गए हैं। वे श्रीमती सावित्री देवी अग्रवाल के पति और गोपालकृष्ण अग्रवाल, सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, विजय अग्रवाल (अध्यक्ष, अग्रवाल सभा रायपुर), योगेश अग्रवाल व यशवंत अग्रवाल के पिता थे। इसके अलावा वे श्री विष्णु अग्रवाल के भाई, तथा पूरनलाल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल के चाचा और देवेंद्र अग्रवाल व गणेश अग्रवाल के ताऊजी थे।
उनकी अंतिम यात्रा रविवार, 25 मई 2025 को सुबह 10 बजे उनके निवास रामजी वाटिका, मौलश्री विहार, वी.आई.पी. रोड, रायपुर से निकलेगी, जो मारवाड़ी शमशान घाट रायपुर में संपन्न होगी।
श्री अग्रवाल ने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा, गौसेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण को समर्पित किया। उनकी विद्वता, विनम्रता और नेतृत्व क्षमता के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। समाज और शहर के गणमान्य नागरिकों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।