दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में राजधानी के अलग-अलग इलाकों से 38 बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। ये सभी अवैध रूप से भारत में रह रहे थे और दिल्ली की विभिन्न फैक्ट्रियों में काम कर रहे थे।
अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए ये घुसपैठिए पहले हरियाणा के नूंह और फिर बिहार पहुंचे थे। उन्होंने वहां बसने की कोशिश की, लेकिन नेटवर्क और आजीविका की कमी के चलते वे असफल रहे। इसके बाद उन्होंने दिल्ली का रुख किया, जहां उन्होंने अवैध बस्तियों में रहना शुरू कर दिया और फैक्ट्रियों में काम करने लगे।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि इनकी पहचान स्थानीय स्तर पर की गई छानबीन और गुप्त सूचना के आधार पर हुई। सभी घुसपैठियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें वापस उनके देश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियों ने इस कार्रवाई को बड़े स्तर पर चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया है, जिसका उद्देश्य देश में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर भेजना है।