छत्तीसगढ़ कैबिनेट की अहम बैठक: स्थानांतरण नीति, ग्राम नाम परिवर्तन, तीरंदाजी अकादमी, होमस्टे नीति सहित अनेक महत्वपूर्ण निर्णय

रायपुर, 04 जून 2025

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के विकास से जुड़े अनेक अहम फैसले लिए गए। बैठक में प्रशासनिक, सांस्कृतिक, खेल, आवास, पर्यटन एवं युवा कल्याण के क्षेत्र में दूरगामी प्रभाव वाले निर्णयों पर मुहर लगाई गई।

1. स्थानांतरण नीति 2025 को मिली मंजूरी

कैबिनेट ने वर्ष 2025 के लिए स्थानांतरण नीति को मंजूरी दी।

जिला स्तर पर 14 से 25 जून के बीच प्रभारी मंत्री की अनुमति से और

राज्य स्तर पर विभागीय मंत्री की मंजूरी से स्थानांतरण होंगे।

आवेदन 6 से 13 जून तक, स्थानांतरण पर पूर्ण प्रतिबंध 25 जून के बाद लागू रहेगा।

न्यूनतम 2 वर्ष की सेवा आवश्यक होगी, विशेष स्थितियों (गंभीर बीमारी, अक्षमता आदि) में छूट दी जाएगी।

अनुसूचित क्षेत्रों से स्थानांतरण हेतु एवजीदार अनिवार्य होगा।

ई-ऑफिस के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।

2. दामाखेड़ा का नाम बदला जाएगा ‘कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा’

मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणा के अनुरूप बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के दामाखेड़ा ग्राम पंचायत का नाम अब “कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा” होगा।

3. अन्य ग्राम पंचायतों के नामों में भी बदलाव

कवर्धा तहसील की ग्राम पंचायत गदहाभाठा अब सोनपुर कहलाएगी।

बोड़ला तहसील की ग्राम पंचायत चण्डालपुर का नाम अब चन्दनपुर होगा।

4. ‘कलाग्राम’ की स्थापना हेतु 10 एकड़ भूमि आवंटित

छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए नवा रायपुर अटल नगर में 10 एकड़ भूमि संस्कृति विभाग को मुफ्त आवंटित की गई। यह कलाग्राम शिल्पकारों और लोक कलाकारों के लिए एक स्थायी मंच होगा।

5. राष्ट्रीय तीरंदाजी अकादमी की स्थापना

नवा रायपुर में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी अकादमी के लिए खेल विभाग को 13.47 एकड़ भूमि निःशुल्क दी गई। इसमें इनडोर-आउटडोर रेंज, हाई परफॉर्मेंस सेंटर और हॉस्टल की सुविधा होगी।

6. किफायती जन आवास नियम 2025 को मंजूरी

राज्य के निम्न एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को सस्ते और सुव्यवस्थित भूखंड उपलब्ध कराने के लिए ‘छत्तीसगढ़ किफायती जन आवास नियम, 2025’ को स्वीकृति दी गई।

7. ‘छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान’ योजना का शुभारंभ

राज्य सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं और संस्थाओं को ‘छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान’ देने की घोषणा की।

एक युवा को अधिकतम ₹2.5 लाख और

एक संस्था को अधिकतम ₹5 लाख का पुरस्कार मिलेगा।

साहित्य, पर्यावरण, शिक्षा, विज्ञान, कला-संगीत, महिला एवं बाल विकास सहित 13 क्षेत्रों में हर साल एक-एक युवा को सम्मानित किया जाएगा।

8. कोच भर्ती नियमों में एक वर्ष की शिथिलता

खेल विभाग में कोच की भर्ती के लिए राष्ट्रीय क्रीड़ा संस्थान (पटियाला) के डिप्लोमा की अनिवार्यता एक वित्तीय वर्ष के लिए शिथिल की गई।

9. ‘छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30’ को मंजूरी

बस्तर और सरगुजा जैसे ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘होमस्टे नीति’ को मंजूरी दी गई।

इससे ग्रामीण युवाओं को रोजगार मिलेगा,

पर्यटकों को गांव की संस्कृति और प्रकृति से जुड़ाव मिलेगा,

और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।