रायपुर में हिट एंड रन की सनसनीखेज वारदात: ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे दो जवानों को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंदा, हालत गंभीर

रायपुर, 5 जून 2025 — छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार रात एक और हिट एंड रन की घटना ने शहर को दहला दिया। तेलीबांधा चौक पर ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात दो पुलिस जवानों को तेज रफ्तार से आई एक पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

हादसा 4 जून की रात लगभग 9 से 9:30 बजे के बीच हुआ। ट्रैफिक जवान केशव क्षत्रिय और रज्जब खां तेलीबांधा थाने के सामने ट्रैफिक नियंत्रित कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाटीबंध की ओर से आ रही महाराष्ट्र नंबर की एक पिकअप ने पहले ट्रैफिक सिग्नल तोड़ा, फिर जवानों को रौंदते हुए महासमुंद रोड की ओर फरार हो गई।

स्थानीय लोगों और अन्य ट्रैफिक कर्मियों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी चालक की पहचान और तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह एक जानबूझकर किया गया कृत्य प्रतीत होता है, क्योंकि चालक ने जवानों को देखकर वाहन की दिशा उनकी ओर मोड़ी थी।

इस घटना ने शहर में ट्रैफिक ड्यूटी पर लगे कर्मियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, आम जनता में भी इस तरह की घटनाओं को लेकर आक्रोश व्याप्त है।