दुर्ग में गुटखा फैक्ट्री पर छापा: डेढ़ करोड़ का माल जब्त, संचालक पर कार्रवाई शुरू

दुर्ग, 7 जून 2025 — दुर्ग जिले के ग्राम कोनारी में अवैध रूप से संचालित गुटखा फैक्ट्री पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FAD) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का माल जब्त किया है। यह छापेमारी 4 जून को दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर की गई।

बिना लाइसेंस चल रही थी फैक्ट्री
खाद्य एवं औषधि विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम कोनारी में “कोमल फूड प्रोडक्ट” नामक इकाई बिना वैध लाइसेंस के गुटखा तैयार कर रही है। इसकी पुष्टि होते ही विभाग ने कार्रवाई की योजना बनाई। टीम ने फैक्ट्री में छापा मारा और मौके पर ही उसे सील कर दिया।

सुपारी का भंडार जब्त, सैंपल भेजे जांच को
छापे के दौरान फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में कच्ची खड़ी सुपारी और कटी हुई सुपारी पाई गई, जिसे जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने मौके से सुपारी के सैंपल एकत्र कर उन्हें जांच के लिए रायपुर स्थित प्रयोगशाला भेज दिया है।

जांच रिपोर्ट के बाद अगली कार्रवाई
FAD अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फैक्ट्री संचालक के खिलाफ जांच प्रारंभ कर दी गई है।

प्रशासन की सख्ती
इस कार्रवाई से जिले में अवैध खाद्य उत्पादों के खिलाफ प्रशासन की सख्ती साफ नजर आ रही है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।