शनिवार दोपहर एक भीषण हवाई हादसे ने गुजरात को हिला कर रख दिया। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 जो अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई, उसमें 242 यात्री सवार थे। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मृत्यु की खबर सामने आ रही है। हालांकि भाजपा के राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी द्वारा X (पूर्व ट्विटर) पर दी गई पुष्टि वाली पोस्ट बाद में डिलीट कर दी गई।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, हादसे में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी जीवित नहीं बच पाए। आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों और आपातकालीन सेवाओं ने पुष्टि की है कि हादसा बहुत गंभीर था।
हादसे में अब तक 100 शव बरामद
विमान में सवार यात्रियों में 53 ब्रिटिश नागरिक, 7 पुर्तगाली, और 1 कनाडाई नागरिक भी शामिल थे। हादसे के बाद अब तक 100 शव बरामद किए जा चुके हैं। शवों की हालत बेहद खराब है—अधिकतर बुरी तरह से झुलसे हुए हैं, जिससे पहचान मुश्किल हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि DNA टेस्ट के जरिए ही अब उनकी पहचान संभव हो सकेगी।
सिविल अस्पताल के डॉक्टर भी घायल
विमान एयरपोर्ट की दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास दोपहर 1:40 बजे क्रैश हुआ। यह फ्लाइट महज 2 मिनट पहले दोपहर 1:38 बजे उड़ान भर चुकी थी। जिस इमारत से विमान टकराया, वहां अहमदाबाद सिविल अस्पताल के डॉक्टर्स निवास करते हैं। हादसे में 15 डॉक्टर घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे के चश्मदीद और मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान गिरते ही तेज धमाके के साथ धुएं का विशाल गुबार उठा और आसपास की इमारतें थर्रा उठीं। इलाके में दमकल की दर्जनों गाड़ियां पहुंची हैं और राहत कार्य जारी है। स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच चुकी हैं।
जांच के आदेश, DGCA अलर्ट पर
हादसे के कारणों की जांच के लिए DGCA (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) और एयर इंडिया के टेक्निकल विशेषज्ञों की टीमें अहमदाबाद पहुंच रही हैं। विमान बोइंग 787 ड्रीमलाइनर मॉडल का था, जो तकनीकी रूप से काफी उन्नत माना जाता है। अब यह स्पष्ट करना जरूरी हो गया है कि तकनीकी खराबी, मानव त्रुटि या अन्य कारणों से यह हादसा हुआ।