अहमदाबाद विमान हादसे में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन, 242 यात्रियों में सिर्फ 2 बचे जिंदा
अहमदाबाद।
गुजरात की राजधानी अहमदाबाद गुरुवार को एक भीषण विमान हादसे का गवाह बनी, जिसने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी, उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों के भीतर अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके में क्रैश हो गई। इस विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें से अब तक केवल दो लोग ही जीवित बच पाए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन
हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय रूपाणी का भी दुखद निधन हो गया। वे 68 वर्ष के थे और बिजनेस क्लास की 2D सीट पर सफर कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम नेताओं ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है।
हादसे का मंजर भयावह
एयर इंडिया की फ्लाइट ने दोपहर करीब 1:38 बजे उड़ान भरी थी, और 1:40 बजे के आसपास यह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज धमाके के साथ पूरा इलाका थर्रा गया, और आसमान में घना धुआं छा गया। हादसा एयरपोर्ट के पास एयर कस्टम कार्गो ऑफिस और एक आवासी इमारत से टकराकर हुआ, जिसमें अहमदाबाद सिविल अस्पताल के कई डॉक्टर रहते थे। इस हादसे में 15 डॉक्टर घायल हुए हैं।
केबिन क्रू और पायलट दल भी नहीं बच सके
विमान में 2 पायलट और 10 केबिन क्रू सदस्य भी सवार थे। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी चालक दल के सदस्य इस हादसे में मारे गए हैं।
जिंदा बचे दो यात्री
विमान में सवार 11A सीट नंबर पर बैठा एक यात्री गंभीर रूप से घायल अवस्था में जीवित पाया गया है। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दूसरा यात्री मामूली रूप से झुलसा है, और उसका बयान लेने की तैयारी की जा रही है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
DNA जांच से होगी शवों की पहचान
अब तक 100 से अधिक शव बरामद किए गए हैं, जिनमें से अधिकांश की शिनाख्त संभव नहीं हो सकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शवों की पहचान DNA परीक्षण के जरिए ही की जाएगी। राहत और बचाव कार्य एनडीआरएफ, दमकल और स्थानीय प्रशासन की टीमों द्वारा तेजी से जारी है।
सांत्वना में डूबा देश
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को शोक और चिंता में डुबो दिया है। आम नागरिक से लेकर राजनीतिक नेतृत्व तक, हर कोई इस त्रासदी से आहत है। एयर इंडिया और DGCA ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जानकारी में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक निष्कर्ष आना अभी बाकी है।