अहमदाबाद प्लेन हादसे में जान गंवाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की डीएनए से हुई पुष्टि, पार्थिव शरीर परिवार को सौंपा गया राजकोट में होगा अंतिम संस्कार, पूरे गुजरात में शोक की लहर

अहमदाबाद। एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 हादसे में जान गंवाने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौत की आधिकारिक पुष्टि डीएनए परीक्षण से हो गई है। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 11:10 बजे उनका डीएनए सैंपल मैच कर गया है, जिसके बाद उनका पार्थिव शरीर परिवार को सौंप दिया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट में सवार थे। वह अपनी बेटी से मिलने जा रहे थे, लेकिन विमान के मेघाणी नगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उनकी मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि अधिकांश शवों की पहचान संभव नहीं हो पाई और डीएनए परीक्षण के जरिए शिनाख्त की जा रही है।

अब तक 32 पीड़ितों की हुई पहचान, 14 शव सौंपे गए

हादसे के तीन दिन बाद तक प्रशासन और फॉरेंसिक विभाग मिलकर मृतकों की पहचान में जुटे हुए हैं। अतिरिक्त सिविल अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने बताया कि अब तक 32 मृतकों की पहचान डीएनए से की जा चुकी है और इनमें से 14 शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं। पहचाने गए मृतक गुजरात और राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से हैं।

पूरे गुजरात में शोक की लहर

पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी के निधन की खबर की पुष्टि के साथ ही पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। कई राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से श्रद्धांजलि अर्पित की है। राजकोट में अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं, जहां उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *