बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर साइंस कॉलेज परिसर में वर्षों से अधूरे पड़े 720 सीटर ऑडिटोरियम निर्माण कार्य को अब नए सिरे से शुरू किया जाएगा। रविवार को दोपहर 12 बजे, डिप्टी सीएम अरुण साव और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू इसके निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। यह ऑडिटोरियम अब 22 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा।
6 साल से रुका था काम, अब फिर से मिली गति
साइंस कॉलेज ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य 2017 में 13.46 करोड़ रुपये की स्वीकृति के साथ शुरू हुआ था। लेकिन 2019 में ठेकेदार और तत्कालीन पीडब्ल्यूडी कार्यपालन यंत्री (EE) के बीच हुए विवाद के चलते काम रोक दिया गया। विकास कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा काम बंद करने के बाद न तो पीडब्ल्यूडी ने वैकल्पिक कार्रवाई की, न ही काम को आगे बढ़ाया। नतीजतन निर्माण ठप रहा और आज इसकी लागत 22 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
अब प्रगति मैदान जैसी बनेगी सुविधाएं
पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने इस मैदान को दिल्ली के प्रगति मैदान की तर्ज पर विकसित करने का सपना देखा था। उसी के तहत यह ऑडिटोरियम प्रस्तावित किया गया था। अब पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद काम जल्द पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
बेलतरा विधायक की पहल रंग लाई
इस पूरे प्रोजेक्ट को दोबारा गति देने में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की अहम भूमिका रही। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अफसरों की मीटिंग लेकर मामले को डिप्टी सीएम अरुण साव, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के संज्ञान में डाला। इसके बाद शासन ने बिलासपुर सहित चार जिलों में वर्षों से अधूरे ऑडिटोरियम प्रोजेक्ट को मंजूरी दी।
अन्य जिलों में भी होगा कार्य
बिलासपुर के अलावा दुर्ग, जगदलपुर और अंबिकापुर में भी ऐसे ही अधूरे ऑडिटोरियम प्रोजेक्ट पर काम फिर से शुरू किया जाएगा। इन सभी के लिए राज्य शासन ने लगभग 12 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है।
भूमिपूजन समारोह में होंगे अनेक विकास कार्य शामिल
भूमिपूजन कार्यक्रम सरकंडा स्थित जिला खेल परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई अन्य विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया जाएगा:
अरपा नदी पर पुल निर्माण
खारून नदी पर सेलर-पौसरा मार्ग में उच्च स्तरीय पुल
लोधीपारा-सरकंडा-कोनी मार्ग पर ब्रिज
नगर निगम जोन कार्यालय क्रमांक 7 के निर्माण कार्य
सामुदायिक भवन निर्माण (खमतराई, फरहदा, मंगला, चांटीडीह, नगोई)
इस कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे।