प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

नई दिल्ली/निकोसिया, 16 जून 2025: भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को वैश्विक मंच पर एक और प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III” से सम्मानित किया। यह सम्मान साइप्रस के पहले राष्ट्रपति आर्कबिशप मकारियोस III के नाम पर स्थापित किया गया था और यह देश की ओर से किसी व्यक्ति को दिया जाने वाला सर्वोच्च नाइटहुड पुरस्कार है।

इस भव्य समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मान प्राप्त करते हुए कहा,

> “ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III सम्मान के लिए मैं साइप्रस के राष्ट्रपति, सरकार और वहां की जनता का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। यह सम्मान केवल नरेंद्र मोदी का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का है। यह भारत की क्षमताओं, संस्कृति और वसुधैव कुटुम्बकम की विचारधारा का सम्मान है।”

 

उन्होंने आगे कहा कि यह सम्मान भारत और साइप्रस के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों, साझा मूल्यों और परस्पर समझ का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने इसे शांति, सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए दोनों देशों की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

क्या है “ऑर्डर ऑफ मकारियोस III”?

“ऑर्डर ऑफ मकारियोस III” साइप्रस द्वारा प्रदान किया जाने वाला सर्वोच्च स्तर का नागरिक पुरस्कार है, जिसकी स्थापना देश के पहले राष्ट्रपति आर्कबिशप मकारियोस III की स्मृति में की गई थी। यह पुरस्कार उन विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने वैश्विक मंच पर मानवीय मूल्यों, अंतरराष्ट्रीय शांति और द्विपक्षीय संबंधों को सशक्त करने में विशेष योगदान दिया हो।