नई दिल्ली, 19 जून 2025- सड़क यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने FASTag आधारित वार्षिक पास व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को यह महत्वपूर्ण घोषणा की। नई व्यवस्था 15 अगस्त 2025 से लागू होगी और इससे निजी वाहनों से राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वालों का आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा।
क्या है यह नया सालाना पास?
नया FASTag आधारित वार्षिक पास सिर्फ 3,000 रुपये में मिलेगा। इसके तहत वाहन चालक को 200 टोल क्रॉसिंग की सुविधा मिलेगी, यानी एक टोल प्लाजा को पार करने को एक ट्रिप माना जाएगा। यह पास 1 वर्ष या 200 टोल क्रॉसिंग (जो पहले हो) तक मान्य होगा।
गडकरी ने बताया कि सामान्यतः एक टोल पर 50 रुपये खर्च होते हैं, जिससे 200 ट्रिप करने पर लगभग 10,000 रुपये खर्च होते हैं। लेकिन इस पास से यात्री को केवल 3,000 रुपये चुकाने होंगे, जिससे करीब 7,000 रुपये की बचत संभव होगी।
किन वाहनों के लिए होगा मान्य?
यह पास केवल निजी, गैर-वाणिज्यिक वाहनों — जैसे कार, जीप और वैन — के लिए ही मान्य होगा। कोई भी वाणिज्यिक वाहन इस सुविधा का उपयोग नहीं कर सकेगा। यदि किसी व्यावसायिक वाहन पर यह पास सक्रिय किया जाता है, तो उसे तुरंत निष्क्रिय कर दिया जाएगा।
कहां होगा मान्य?
यह पास केवल राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे (NE) पर बने टोल प्लाजा पर ही मान्य होगा। राज्य राजमार्गों या अन्य स्थानों पर इस पास का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
क्या फिर से नया FASTag खरीदना होगा?
नहीं। सड़क परिवहन मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि जिनके पास पहले से मान्य FASTag है, उन्हें नया टैग लेने की जरूरत नहीं होगी। इस पास को मौजूदा फास्टैग पर ही सक्रिय किया जा सकता है, बशर्ते वह वाहन की सही जानकारी से जुड़ा हो और ब्लैकलिस्ट न हो।
कहां से खरीद सकेंगे यह पास?
इस सालाना पास को खरीदने के लिए एक लिंक जल्द ही NHAI की वेबसाइट, सड़क परिवहन मंत्रालय की वेबसाइट और राजमार्ग यात्रा ऐप पर उपलब्ध होगा।
अभी तक क्या थी व्यवस्था?
वर्तमान में सिर्फ उन्हीं लोगों के लिए मासिक पास की सुविधा है, जो किसी विशेष टोल से बार-बार गुजरते हैं। ऐसे मासिक पास की कीमत 340 रुपये प्रति माह यानी 4080 रुपये सालाना है, लेकिन यह केवल एक टोल पर मान्य होता है।
नया पास क्यों है खास?
पूरे भारत के राष्ट्रीय राजमार्गों पर मान्य
कम खर्च में अधिक ट्रिप की सुविधा
FASTag से सीधी लिंकिंग
वेरिफिकेशन की झंझट नहीं
सालाना बचत में भारी राहत
