शारदाधाम को मिला पर्यटन स्थल का दर्जा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने दी मान्यता श्रद्धा, ज्ञान और प्रकृति का संगम है शारदाधाम

रायपुर, 19 जून 2025 – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष निर्देश पर छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थल शारदाधाम को अब आधिकारिक रूप से छत्तीसगढ़ के चिन्हित पर्यटन स्थलों की सूची में शामिल कर लिया गया है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने इस संबंध में परिपत्र जारी कर दिया है। इससे शारदाधाम को नई पहचान मिलेगी और यहां पर्यटन विकास के कार्यों को गति मिल सकेगी।

पर्यटन बोर्ड करेगा प्रचार-प्रसार और सुविधाओं का विकास

छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड न केवल शारदाधाम के प्रचार-प्रसार में मदद करेगा बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं को विकसित करने हेतु बजट भी उपलब्ध कराएगा। इससे आने वाले वर्षों में शारदाधाम पर्यटन मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण धार्मिक और प्राकृतिक स्थल के रूप में उभरेगा।

श्रद्धा और शिक्षा का केंद्र: शारदाधाम

शारदाधाम न सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह ज्ञान और सेवा का भी अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत करता है। यहां विद्यादायिनी माँ सरस्वती की भव्य प्रतिमा है और इसके साथ जुड़ी है जरूरतमंद बच्चों के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग व्यवस्था।

शारदाधाम समिति के अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने जानकारी दी कि यहां छत्तीसगढ़ और झारखंड के गरीब बच्चों के लिए पढ़ाई, रहने और भोजन की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है, जिसका सारा खर्च समिति और श्रद्धालुओं के सहयोग से उठाया जाता है।

प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर आध्यात्मिक स्थल

जशपुर जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर दुलदुला ब्लॉक में स्थित शारदाधाम घने जंगलों और गिरमा नदी की कलकल करती ध्वनि के बीच बसा है। यहाँ का वातावरण मन को शांति और श्रद्धा से भर देता है।
मां सरस्वती का यह मंदिर पूरी तरह श्रमदान से निर्मित है और इसका वास्तु झारखंड के प्रसिद्ध लचलागढ़ हनुमान मंदिर से प्रेरित है।

जशपुर बन रहा नया पर्यटन हब

जशपुर जिले को पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं:

मयाली नेचर कैंप के लिए 10 करोड़ की स्वीकृति

मधेश्वर महादेव, जिसे विश्व का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग माना गया है

कोतेबीराधाम में लक्ष्मण झूला की तर्ज पर पुल निर्माण की घोषणा

देशदेखा और रानीदाह जैसे अन्य स्थलों का विकास भी तेज़ी से जारी

मुख्यमंत्री का उद्देश्य है कि पर्यटन और ग्रीन उद्योग के माध्यम से जशपुर जिले में रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं और यह क्षेत्र छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थान बनाए।