बॉलीवुड के तीनों खान एक साथ पहुंचे ‘सितारे जमीन पर’ की स्पेशल स्क्रीनिंग पर, सलमान की पैप्स संग मस्ती ने लूटी महफिल

मुंबई। आमिर खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ की स्पेशल स्क्रीनिंग गुरुवार रात को आयोजित की गई, और इस इवेंट को खास बना दिया बॉलीवुड के तीनों खानों की मौजूदगी ने। शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान जब एक साथ रेड कारपेट पर नजर आए तो फैंस और मीडिया के बीच उत्साह चरम पर पहुंच गया।

फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ 20 जून को यानी शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, और इससे पहले की स्पेशल स्क्रीनिंग में कई सितारे पहुंचे। हालांकि, सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं सलमान, शाहरुख और आमिर की तिकड़ी ने, जो वर्षों बाद एक साथ किसी इवेंट में नजर आए।

सलमान खान की मस्ती ने जीता दिल

स्क्रीनिंग के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें सलमान खान पैप्स (पैपराज़ी) और आमिर खान के साथ खूब मस्ती करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में सलमान कहते हैं, “अब मैं इंटरव्यू दे रहा हूं, तो आप लोग ले नहीं रहे हैं,” और ये कहते हुए वो हंसी में फूट पड़ते हैं। आमिर खान भी सलमान की बातों पर मुस्कुराते हुए नजर आते हैं।

सलमान ने मीडिया से बातचीत में आमिर की फिल्म की जमकर तारीफ की और कहा कि यह फिल्म हर किसी को देखनी चाहिए। उनका कहना था कि आमिर ने फिर एक बार दिल से फिल्म बनाई है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देगी।

आमिर की फिल्म को मिल रही है पॉजिटिव बज़

‘सितारे जमीन पर’ आमिर खान की एक इमोशनल-ड्रामा फिल्म है, जो सामाजिक विषय को छूती है। इससे पहले आमिर ने ‘तारे ज़मीन पर’ के जरिए शिक्षा और बच्चों की समस्याओं को बड़े ही संवेदनशील तरीके से पेश किया था, और इस बार भी दर्शकों को कुछ वैसी ही उम्मीद है।

फैंस बोले – “ये तो बॉलीवुड की ईद है!”

तीनों खानों को एक साथ देखना फैंस के लिए किसी त्यौहार से कम नहीं रहा। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने लिखा कि ये नजारा बॉलीवुड की “ईद” जैसा है, जब तीनों सुपरस्टार्स एक साथ नजर आते हैं।