भ्रष्टाचारियों पर एसीबी का बड़ा शिकंजा: लोरमी और जगदलपुर में दो अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

भ्रष्टाचारियों पर एसीबी का बड़ा शिकंजा: लोरमी और जगदलपुर में दो अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

छत्तीसगढ़/20 जून 2025 – प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। शुक्रवार को ACB की टीम ने लोरमी और जगदलपुर में दो अलग-अलग मामलों में बिजली विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों से एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि भ्रष्टाचार करने वाले अब सुरक्षित नहीं हैं।

लोरमी: कनेक्शन काटने की धमकी देकर मांगी रिश्वत, JE गिरफ्तार

बिलासपुर एसीबी टीम ने लोरमी क्षेत्र में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। जानकारी के मुताबिक, पाली गांव के उपभोक्ता नंदकुमार साहू के घर का बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देकर अधिकारी ने 50 हजार रुपये की मांग की थी।

उपभोक्ता ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद योजना बनाकर आरोपी अधिकारी को उसके कार्यालय से करीब 300 मीटर दूर 15 हजार रुपये लेते हुए धर दबोचा गया।

इस मामले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि निचले स्तर के अधिकारी भी भ्रष्टाचार करने से नहीं चूक रहे हैं, चाहे वे किसी भी संवेदनशील क्षेत्र में तैनात क्यों न हों।

जगदलपुर: निविदा से पहले काम दिलाने के एवज में मांगी रिश्वत, अभियंता गिरफ्तार

जगदलपुर में भी एक बड़ा मामला सामने आया, जहां एसीबी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के विद्युत यांत्रिकी डिपार्टमेंट में पदस्थ कार्यपालन अभियंता अजय कुमार को 2 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने ठेकेदार से निविदा प्रक्रिया से पहले काम दिलाने के नाम पर एडवांस में यह रकम मांगी थी। ठेकेदार की शिकायत पर ACB ने जाल बिछाया और तय समय व स्थान पर अभियंता को साकेत कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में रिश्वत लेते पकड़ा।