सचिन पायलट 23-24 जून को छत्तीसगढ़ दौरे पर, कांग्रेस संगठन की लेंगे समीक्षा

रायपुर, 21 जून 2025 —
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट 23 और 24 जून को दो दिवसीय दौरे पर राज्य आ रहे हैं। इस दौरान वे पार्टी संगठन की गहराई से समीक्षा करेंगे और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मंथन करेंगे। उनके दौरे की आधिकारिक पुष्टि कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने की है।

सचिन पायलट का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब प्रदेश कांग्रेस राज्य सरकार को कई अहम मुद्दों पर लगातार घेर रही है और सड़क से सदन तक विरोध-प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में यह दौरा संगठनात्मक दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है।

संगठन को मिलेगी नई दिशा

दौरे के दौरान पायलट पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, ब्लॉक स्तरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से सीधी मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे जमीनी फीडबैक लेंगे और आगामी आंदोलन की दिशा तय करने के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका को स्पष्ट करेंगे।

सूत्रों के अनुसार पायलट संगठन की कार्यशैली, बूथ स्तर पर पार्टी की स्थिति, सामाजिक मुद्दों पर जनसंपर्क और आगामी कार्यक्रमों को लेकर नेताओं से चर्चा करेंगे।