तेज रफ्तार कार ने ली तीन की जान, दो गंभीर घायल – तखतपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा

बिलासपुर, 22 जून 2025 – तखतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलासपुर-मुंगेली राज्य मार्ग पर बिनौरी गांव के पास शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में काठाकोनी निवासी पवन रात्रे, खजुरी नवागांव निवासी सुरेश वासुदेव और विजय राजपूत शामिल हैं। सभी मृतक प्लंबर का कार्य करने बिलासपुर गए थे और काम निपटाकर कार से वापस काठाकोनी लौट रहे थे। तभी ग्राम बिनौरी मोड़ के पास तेज रफ्तार में कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक दीवार से जोरदार टकरा गई।

हादसे में मोनू यादव और जयंत वैष्णव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें डायल 112 की मदद से तत्काल बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

इधर, तखतपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शवों का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है, साथ ही कार की स्पीड और नियंत्रण खोने के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, इस मोड़ पर पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर संकेतक और सुरक्षा उपाय लगाने की मांग की है, ताकि आगे इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें।