मंडला में पहली बार इस्कॉन द्वारा आयोजित होगी श्रीजगन्नाथ रथयात्रा, 1 जुलाई को नगर में पहुंचेगा रथ

मंडला, 22 जून 2025 – मध्यप्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक परिदृश्य में एक ऐतिहासिक क्षण जुड़ने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) उज्जैन द्वारा इस वर्ष भगवान श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जो कि पहली बार मंडला जिले में भी आयोजित होगा।

यह पावन यात्रा 27 जून 2025 को उज्जैन – जो कि मुख्यमंत्री की विधानसभा क्षेत्र भी है – से आरंभ होकर, आगामी नौ दिनों में प्रदेश के 34 नगरों से होते हुए गुज़रेगी। इस श्रृंखला में 1 जुलाई 2025, मंगलवार को यह रथयात्रा मंडला नगर में पहुंचेगी।

इस रथयात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में सामाजिक समरसता, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। माँ नर्मदा की गोद में बसे प्राचीन धार्मिक नगर मंडला को इस ऐतिहासिक यात्रा में सम्मिलित करना अपने आप में एक गौरवपूर्ण क्षण होगा।

इस अवसर पर भगवान श्रीजगन्नाथ की प्रतिमा एक सुसज्जित भव्य रथ में नगर भ्रमण करेगी, जिसमें कीर्तन मंडली, भक्त समुदाय और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी शामिल होंगी। यह आयोजन नगरवासियों के लिए आध्यात्मिक उन्नयन और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत संगम होगा।

इस्कॉन परिवार, जिला मंडला ने नगरवासियों और प्रशासन से अपील की है कि वे इस पावन आयोजन को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग करें। संगठन का कहना है कि मंडला में इस प्रथम रथयात्रा के आयोजन से जिले को एक नई धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान मिलेगी, जो भविष्य में आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा दे सकती है।

नगर प्रशासन और सामाजिक संगठनों से सहयोग, मार्गदर्शन और अनुमति प्रदान करने की विनम्र अपील की गई है ताकि यह ऐतिहासिक आयोजन शांति, अनुशासन और उल्लास के साथ संपन्न हो सके।