रायपुर, 23 जून 2025: छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल कुछ थमती नजर आ रही है। रविवार को प्रदेश के केवल 6 जिलों की 11 जगहों पर ही बारिश दर्ज की गई, जिससे पूरे राज्य में औसत वर्षा में गिरावट आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दो दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है।
बारिश की कमी के कारण प्रदेश के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार को दुर्ग में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पेंड्रा रोड और जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर खुले इलाकों में रहने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है।
रविवार को सबसे अधिक बारिश बलरामपुर जिले में दर्ज की गई, जहां औसतन 40 मिमी वर्षा हुई। बीते छह दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में औसतन 22.69 मिमी वर्षा हुई थी, लेकिन रविवार को इसमें गिरावट देखने को मिली।
