रायपुर। राजधानी के डीडी नगर इलाके में हुए एक सनसनीखेज मर्डर की गुत्थी रायपुर पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने दिल्ली से एक दंपति को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक का नाम अंकित उपाध्याय है, जो पेशे से वकील है, और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा इस जघन्य हत्याकांड में उसकी साथी है। दोनों आरोपी एक रिटायर्ड एसएसआई के बेटे-बहू बताए जा रहे हैं।
मर्डर के बाद शव को बॉक्स में भरकर किया प्लास्टर
डीडी नगर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के सुनसान हिस्से में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बड़े टिन बॉक्स से दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब ट्रंक खोला तो उसमें एक युवक की लाश पाई गई, जो सूटकेस में ठूंसी हुई थी। खास बात यह रही कि सूटकेस पर मोटा सीमेंट का प्लास्टर किया गया था ताकि शव सड़ने पर बदबू बाहर न आए।
मेरठ जैसी वारदात, प्लानिंग थी खौफनाक
फॉरेंसिक टीम के मुताबिक, हत्या की यह वारदात मेरठ में कुछ साल पहले हुई एक हत्याकांड की तर्ज पर रची गई है। सीमेंट प्लास्टर के जरिए दुर्गंध छुपाने की कोशिश साफ तौर पर एक सोची-समझी प्लानिंग को दर्शाती है। पुलिस जांच में सामने आया कि मर्डर के बाद दोनों आरोपी रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली फरार हो गए थे। लेकिन पुलिस की तत्परता से महज कुछ घंटों में दोनों को दिल्ली से पकड़ लिया गया।
मृतक की पहचान किशोर पैकरा के रूप में
पुलिस ने जांच के दौरान शव की शिनाख्त किशोर पैकरा नामक युवक के रूप में की है। अभी तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। रायपुर पुलिस की एक टीम दोनों आरोपियों को लेकर जल्द रायपुर लौटेगी। इसके बाद ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
सुराग बना ‘हब्बू भाई’ लिखा टिन बॉक्स
इस सनसनीखेज हत्याकांड में एक अहम सुराग टिन के बॉक्स से मिला, जिस पर ‘हब्बू भाई’ लिखा हुआ था। पुलिस ने इस सुराग के आधार पर शहर की उन दुकानों की तलाशी ली, जहां ऐसे बॉक्स बेचे जाते हैं। पता चला कि यह बॉक्स गोलबाजार से खरीदा गया था, और खरीद की तारीख मर्डर से ठीक एक दिन पहले की थी। इससे पुलिस को संदेहियों तक पहुंचने में बड़ी मदद मिली।
