नैनीताल, 26 जून 2025 – उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बुधवार को उत्तराखंड के नैनीताल स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान एक भावुक पल में वह अचानक बेहोश हो गए, जिससे कार्यक्रम में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि अब उनकी सेहत पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
भावुक पल बना स्वास्थ्य संकट का कारण
जानकारी के मुताबिक, उपराष्ट्रपति ने जैसे ही मंच से उतरकर दर्शक दीर्घा में बैठे अपने पूर्व संसदीय सहयोगी महेंद्र सिंह पाल से मुलाकात की, तो दोनों पुराने संस्मरणों में बह गए। 1989 में सांसद रहे महेंद्र सिंह पाल से गले मिलने के दौरान धनखड़ अचानक बेसुध हो गए और पाल के कंधे पर ही गिर पड़े।
मेडिकल टीम ने तुरंत संभाला
धनखड़ की तबीयत बिगड़ते ही वहां मौजूद उपराष्ट्रपति की मेडिकल टीम तुरंत सक्रिय हुई और उन्हें प्राथमिक उपचार देकर होश में लाया। इसके बाद उन्हें राजभवन रवाना किया गया, जहां उनकी निगरानी की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने दी जानकारी
उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया, “उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अब पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं। घबराने की कोई बात नहीं है। मैं स्वयं उन्हें देखने गया था और राज्य की स्वास्थ्य टीम भी तैनात थी।”
स्वर्ण जयंती समारोह में देशभर से कई गणमान्य अतिथि और विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र शामिल हुए थे। उपराष्ट्रपति का यह दौरा शैक्षणिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण था, लेकिन भावनात्मक क्षण में तबीयत बिगड़ने की वजह से कार्यक्रम कुछ समय के लिए बाधित हुआ।
