दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शुमार और Amazon के संस्थापक जेफ बेजोस आज यानी 27 जून को अपनी मंगेतर लॉरेन सांचेज से विवाह करने जा रहे हैं। यह बहुप्रतीक्षित शाही शादी इटली के खूबसूरत और ऐतिहासिक द्वीप सैन जियोर्जियो मैगीगोर पर हो रही है, जहां तैयारियां पिछले कई दिनों से जोरों पर हैं।
शादी का न्योता बना चर्चा का विषय
इस शादी में शामिल होने वाले मेहमानों को जो वेडिंग इनविटेशन भेजा गया है, वह भी खासा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह निमंत्रण पत्र एक गुलाबी और नीले रंगों में बना कलात्मक कोलाज है, जिसमें तितलियों, पक्षियों, पंखों और शूटिंग स्टार्स जैसी आकृतियां सफेद बैकग्राउंड पर बनी हैं। इसका डिज़ाइन शादी के जादुई और कल्पनात्मक माहौल की झलक देता है।
हॉलीवुड से लेकर बिजनेस वर्ल्ड तक के मेहमान
सूत्रों के अनुसार, इस रॉयल वेडिंग में हॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियों के अलावा टेक और बिजनेस वर्ल्ड के कई दिग्गज शामिल हो सकते हैं। शादी स्थल को बेहद गोपनीय रखा गया है, लेकिन वेनिस के आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जेफ और लॉरेन की प्रेम कहानी
जेफ बेजोस और पूर्व टीवी पत्रकार व हेलीकॉप्टर पायलट लॉरेन सांचेज़ कई सालों से साथ हैं। दोनों अक्सर एक-दूसरे के साथ इवेंट्स और वैकेशन्स पर देखे जाते रहे हैं। 2023 में बेजोस ने लॉरेन को एक भव्य याच पर प्रपोज़ किया था, जिसकी तस्वीरें दुनियाभर में वायरल हुई थीं।
शादी से पहले का जश्न
शादी से पहले बेजोस कपल ने वेनिस में अपने करीबी दोस्तों के साथ कई पार्टियों का आयोजन किया। सिलेब्रिटीज़ और मीडिया में इस शादी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
निजी समारोह, लेकिन वैश्विक सुर्खियां
हालांकि शादी का कार्यक्रम एक निजी आयोजन के तौर पर हो रहा है, लेकिन इसकी भव्यता और इसमें शामिल होने वाली हस्तियों के चलते यह दुनिया भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
