मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रथ यात्रा से पूर्व की विशेष पूजा, प्रदेशवासियों के लिए मांगी खुशहाली की कामना
रायपुर, 27 जून 2025 —
रथ यात्रा पर्व के शुभ अवसर से पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने राजधानी रायपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री दंपत्ति ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान श्रीजगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की पूजा कर मंदिर की परिक्रमा भी की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना करते हुए कहा कि भगवान श्रीजगन्नाथ का आशीर्वाद पूरे छत्तीसगढ़ पर बना रहे, यही प्रार्थना है। उन्होंने रथ यात्रा के पावन पर्व को सामाजिक सौहार्द, भक्ति और एकता का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रथ यात्रा हमें भक्ति, सेवा और समर्पण का संदेश देती है। यह पर्व हर वर्ग, हर जाति और समुदाय को एकजुट करता है।
पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी के साथ भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
रथ यात्रा को लेकर मंदिर और प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा, सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
