‘कांटा लगा’ गर्ल शेफाली जरीवाला का निधन, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर

मुंबई। 28 जून 2025 बिग बॉस 13’ की कंटेस्टेंट और ‘कांटा लगा’ फेम एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का अचानक निधन हो गया है। 27 जून की रात उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी हालत बिगड़ चुकी थी। डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुखद खबर अस्पताल के रिसेप्शनिस्ट द्वारा पुष्टि की गई है। बताया गया कि शेफाली को उनके पति पराग त्यागी और तीन अन्य लोग मुंबई के अंधेरी स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे थे। लेकिन डॉक्टर्स ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शेफाली जरीवाला ने अपने करियर की शुरुआत 2002 में सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से की थी, जिसने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया था। इसके बाद उन्होंने कुछ फिल्मों और रियलिटी शोज में भी काम किया, लेकिन उन्हें असली पहचान ‘बिग बॉस 13’ से मिली, जहां उन्होंने दमदार उपस्थिति दर्ज कराई थी।

उनकी अचानक मौत से न केवल उनके फैंस बल्कि पूरा एंटरटेनमेंट जगत स्तब्ध है। सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्मी सितारे उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कई सेलेब्रिटीज ने उनकी तस्वीरें शेयर कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।