प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बहुपक्षीय विदेश यात्रा: 5 देशों की यात्रा में बढ़ेगी भारत की वैश्विक भागीदारी, BRICS शिखर सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा

नई दिल्ली, 28 जून 2025 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 2 जुलाई से 9 जुलाई तक एक महत्वपूर्ण और रणनीतिक आठ दिवसीय विदेश दौरे पर रवाना होंगे, जिसमें वे घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया की यात्रा करेंगे। इस बहुपक्षीय यात्रा का उद्देश्य भारत की वैश्विक कूटनीति को नई दिशा देना और विभिन्न महाद्वीपों के साथ द्विपक्षीय व बहुपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ करना है।

🔶 घाना (2 जुलाई से) – पहली द्विपक्षीय यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी की घाना यात्रा ऐतिहासिक होगी क्योंकि यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। घाना के राष्ट्रपति के साथ होने वाली बातचीत में आर्थिक, ऊर्जा, रक्षा और विकास सहयोग जैसे अहम क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूती दी जाएगी। यह यात्रा ECOWAS (पश्चिम अफ्रीकी राज्यों का आर्थिक समुदाय) और अफ्रीकी संघ के साथ भारत के संबंधों को भी नई मजबूती देगी।

🔶 त्रिनिदाद और टोबैगो (3-4 जुलाई) – संसद को संबोधित करेंगे

यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री त्रिनिदाद और टोबैगो जाएंगे। यह प्रधानमंत्री के तौर पर उनका इस देश का पहला दौरा होगा।
वे राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू और प्रधानमंत्री कमला परसाद-बिसेसर से मुलाकात कर भारत-त्रिनिदाद संबंधों को सुदृढ़ करने पर चर्चा करेंगे। साथ ही, प्रधानमंत्री वहां की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने की भी उम्मीद है।

🔶 अर्जेंटीना (4-5 जुलाई) – रणनीतिक साझेदारी पर फोकस

मोदी 4 जुलाई को अर्जेंटीना पहुंचेंगे, जहां वे राष्ट्रपति जेवियर माइली से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता रक्षा, कृषि, खनन, ऊर्जा, व्यापार और निवेश जैसे क्षेत्रों में भारत-अर्जेंटीना साझेदारी को विस्तार देने पर बातचीत करेंगे। यह यात्रा लैटिन अमेरिका में भारत की भूमिका को और मजबूत करने का प्रयास मानी जा रही है।

🔶 ब्राजील (5-8 जुलाई) – 17वां BRICS शिखर सम्मेलन

ब्राजील यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी रियो डी जेनेरियो में आयोजित होने वाले 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
यह प्रधानमंत्री की ब्राजील की चौथी यात्रा होगी। वे वैश्विक शासन सुधार, जलवायु परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जिम्मेदार उपयोग, आर्थिक और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। इसके अलावा, ब्रासीलिया में राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा से द्विपक्षीय वार्ता में रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा होगी।

🔶 नामीबिया (9 जुलाई) – अफ्रीका से रिश्तों को नई दिशा

यात्रा के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नामीबिया की राजकीय यात्रा पर होंगे। वे राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवा के साथ बैठक कर भारत-नामीबिया द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर विचार करेंगे। साथ ही, वे नामीबिया के पहले राष्ट्रपति डॉ. सैम नुजोमा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और नामीबिया की संसद में भाषण देने की भी संभावना है।