बिलासपुर, 27 जून 2025 — कोटा-रतनपुर मार्ग पर स्थित अरपा भैंसाझार बैराज के दो गेट शुक्रवार सुबह साढ़े 7 बजे खोल दिए गए। जल संसाधन विभाग ने इसके लिए एक दिन पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था। बैराज से 14 क्यूमेक प्रति सेकंड की रफ्तार से पानी छोड़ा जा रहा है, जो सुरक्षा कारणों को देखते हुए आवश्यक माना गया।
कार्यपालन अभियंता द्वारिका जायसवाल ने जानकारी दी कि छोड़ा गया पानी शहर तक पहुंचने में लगभग 12 घंटे का समय लेगा। यह पानी लछनपुर डायवर्सन और अन्य व्यपवर्तन योजनाओं से गुजरते हुए बिलासपुर पहुंचेगा। फिलहाल नदी में तेज बहाव शुरू हो गया है, जिससे नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बैराज के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश
पिछले तीन दिनों से पेंड्रारोड और कोटा क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे बैराज का जल स्तर 67 प्रतिशत से अधिक हो गया है। इसी वजह से गेट खोलना पड़ा।
बारिश के आंकड़े
जिले में पिछले 24 घंटों में औसतन 8.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश बेलगहना में 57.4 मिमी दर्ज की गई। वहीं बिलासपुर तहसील में 13 मिमी और शाम को अतिरिक्त 6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
तहसीलवार बारिश:
बिलासपुर – 13 मिमी
मस्तूरी – 2.4 मिमी
कोटा – 7.6 मिमी
सीपत – 2.0 मिमी
बोदरी – 0.2 मिमी
बेलगहना – 57.4 मिमी
बेलतरा – 2.0 मिमी
रतनपुर – 14.1 मिमी
सकरी – शून्य
पचपेड़ी – 2.0 मिमी
बरसात में अब तक कमी
1 जून से अब तक जिले में औसतन 83.1 मिमी वर्षा हुई है, जबकि पिछले 10 वर्षों की औसत वर्षा इसी अवधि में 136.9 मिमी रही है। यानी इस बार औसतन 53.8 मिमी कम वर्षा हुई है।
सतर्कता जरूरी
प्रशासन ने नदी किनारे व निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी के समीप न जाने की अपील की है। साथ ही जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
