रायपुर में गूंजेगा फाइटर जेट का शोर, राज्योत्सव के दौरान होगा एयरफोर्स का हैरतअंगेज स्टंट शो

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पहली बार लोग भारतीय वायुसेना के हैरतअंगेज हवाई करतबों का रोमांचकारी नजारा देख सकेंगे। राज्योत्सव 2025 के अवसर पर इंडियन एयरफोर्स (IAF) की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम (SKAT) रायपुर के आसमान में अपनी ताकत और तकनीक का शानदार प्रदर्शन करेगी। इस हाई-वोल्टेज शो का आयोजन केंद्र सरकार के रक्षा मंत्रालय की सहमति से किया जा रहा है।

रक्षा मंत्रालय ने भेजा पत्र, बृजमोहन अग्रवाल को मिली पुष्टि

भारतीय वायुसेना के इस शो को लेकर पुष्टि रक्षा मंत्रालय की एक चिट्ठी से हुई है, जो रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल को भेजी गई है। इसमें कहा गया है कि एयरफोर्स की टीम रायपुर में प्रदर्शन के लिए आएगी और जल्द ही आयोजन स्थल का चयन कर सिक्योरिटी बेंचमार्क की जांच की जाएगी।

क्या है सूर्य किरण एरोबेटिक टीम?

1996 में गठित सूर्य किरण एरोबेटिक टीम (SKAT) दुनिया की चुनिंदा नौ-फाइटर जेट वाली एरोबेटिक्स टीमों में शामिल है और एशिया की एकमात्र ऐसी टीम है। अब तक भारत के भीतर 500 से ज्यादा प्रदर्शन करने के अलावा टीम ने चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर और यूएई में भी भारतीय वायुसेना की ताकत और अनुशासन का परिचय दिया है।

इनकी विशिष्ट लाल वर्दी, हवाई करतबों की तालमेल भरी प्रस्तुति और “सदैव सर्वोत्तम” का आदर्श वाक्य इस टीम को बाकी सभी से अलग बनाता है। सूर्य किरण की उड़ानें सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का जरिया होती हैं।

युवाओं के लिए प्रेरणा, देशभक्ति से भरा अनुभव

इस शो का मकसद सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं को भारतीय वायुसेना से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। फाइटर जेट की गूंज, हवाई करतब और अनुशासन का प्रदर्शन युवाओं में देशभक्ति की भावना और गर्व को और गहरा करेगा।

कब और कहां होगा आयोजन?

हालांकि आयोजन की तारीख और स्थल की घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन संभावना है कि राज्योत्सव के मुख्य कार्यक्रमों के दौरान इसका आयोजन किया जाएगा। एयरफोर्स की टीम जल्द ही रायपुर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण करेगी और सुरक्षा मानकों की जांच करेगी।