रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र स्थित एक फोम फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 18 वर्षीय मजदूर त्रिलोचन ध्रुव की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने फैक्ट्री मालिक मुकेश अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए गए, जिससे यह हादसा हुआ।
मृतक त्रिलोचन ध्रुव धमतरी जिले के मगरलोड का निवासी था। हादसे के समय वह फैक्ट्री के अंदर काम कर रहा था। उसके साथ मौजूद अन्य मजदूरों ने आग लगते ही समय रहते बाहर भागकर अपनी जान बचा ली, लेकिन त्रिलोचन आग की चपेट में आ गया और अंदर ही फंसा रह गया।
घटना 27 जून की शाम करीब 7 बजे की है, जब अचानक फैक्ट्री में आग भड़क उठी। आग लगने के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि तीन दमकल की गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत कर करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकल की एक गाड़ी निजी फैक्ट्री से और दो गाड़ियां रायपुर से मंगवाई गई थीं। घटना के दौरान फैक्ट्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और कहा गया है कि फैक्ट्री के सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। फिलहाल फैक्ट्री मालिक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया गया है।
यह हादसा एक बार फिर से उद्योगों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
