भिलाई, 8 जुलाई 2025:
भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के कोकोवन विभाग में आज एक बड़ा हादसा टल गया जब बैटरी नंबर 5 और 6 के कोल टावर-3 की लगभग 25 मीटर ऊंची गैलरी अचानक गिर गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद संयंत्र परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस गैलरी का ढांचा गिरा, वह पूरी तरह से जर्जर हो चुका था और उसमें लंबे समय से जंग लगने की शिकायतें मिल रही थीं।
सुरक्षा को लेकर लगातार चेतावनी दी गई थी
भिलाई इस्पात मजदूर संघ यूनियन के महामंत्री चन्ना केशवलू ने जानकारी दी कि यूनियन द्वारा इस मुद्दे को लेकर कोकोवन विभाग के मुख्य महाप्रबंधक एवं ईडी (वर्क्स) को कई बार ज्ञापन सौंपे गए थे। उन्होंने कहा, “हमने कई बार बैठकों में यह बात उठाई थी कि संयंत्र के स्ट्रक्चरल हिस्सों में जंग लग चुकी है और वे सड़ चुके हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।”
यूनियन का कहना है कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने मांग की है कि संयंत्र के सभी स्ट्रक्चरल हिस्सों की ‘सस्टेनेबिलिटी टेस्टिंग’ करवाई जाए और जहां ज़रूरत हो, वहां मरम्मत या पुनर्निर्माण कार्य तुरंत शुरू किया जाए।
भविष्य की दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है
यूनियन पदाधिकारियों का मानना है कि यदि समय रहते जरूरी कदम उठाए जाएं तो भविष्य में बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। चन्ना केशवलू और यूनियन की कार्यकारिणी ने इस गंभीर लापरवाही पर प्रबंधन के प्रति गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
प्रबंधन की चुप्पी पर सवाल
घटना के बाद संयंत्र प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान अब तक जारी नहीं किया गया है। मजदूर संगठन ने मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
