रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी पर बड़ा आरोप: बिना मान्यता के 6 साल से चला रहे पैरामेडिकल कोर्स, छात्रों का विरोध प्रदर्शन

रायपुर, 8 जुलाई 2025 – छत्तीसगढ़ की राजधानी में मंगलवार को छात्रों और NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) कार्यकर्ताओं ने रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी और छत्तीसगढ़ पैरामेडिकल काउंसिल के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। यह विरोध छत्तीसगढ़ पैरामेडिकल काउंसिल कार्यालय के सामने हुआ, जिसमें BMLT, DMLT, डायलिसिस और ऑप्टोमेट्री जैसे कोर्स की पढ़ाई कर चुके दर्जनों छात्रों ने भाग लिया।

छात्रों का आरोप: बिना मान्यता के कराया एडमिशन

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि उन्होंने यूनिवर्सिटी के भरोसे पढ़ाई पूरी कर ली, लेकिन आज तक उन्हें छत्तीसगढ़ पैरामेडिकल काउंसिल से रजिस्ट्रेशन नहीं मिल पाया। रजिस्ट्रेशन न होने के कारण उन्हें नौकरी या उच्च शिक्षा के अवसर नहीं मिल रहे हैं।

NSUI जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने बताया कि रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय ने वर्ष 2019 से 2025 तक बिना काउंसिल की मान्यता लिए BMLT, DMLT, डायलिसिस और ऑप्टोमेट्री जैसे कोर्स चलाए। इस दौरान करीब 1,000 छात्र-छात्राओं ने इन कोर्सेस में एडमिशन लिया।

“छात्रों को गुमराह किया गया”

प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा सोनी मानिकपुरी, जो पहले बैच की छात्रा रही हैं, ने कहा, “हमसे कहा गया था कि यूनिवर्सिटी कोर्स के लिए मान्यता प्राप्त है। हमने तीन लाख रुपए खर्च कर पढ़ाई पूरी की, लेकिन अब पता चला कि यूनिवर्सिटी के पास कोई मान्यता ही नहीं थी। आज छह साल बाद भी हमारा रजिस्ट्रेशन नहीं हो सका।”

छात्रों ने बताया कि उन्हें यूनिवर्सिटी प्रशासन ने हमेशा भरोसा दिलाया कि NOC मिल चुकी है, जबकि छत्तीसगढ़ पैरामेडिकल काउंसिल का कहना है कि किसी भी प्रकार की मान्यता विश्वविद्यालय को इन पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए नहीं दी गई है।

NSUI की चेतावनी

NSUI नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द छात्रों का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित नहीं किया गया और यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। NSUI ने मांग की है कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए तत्काल प्रभाव से समाधान निकाला जाए।