छत्तीसगढ़ को स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि, राष्ट्रपति करेंगी 7 नगरीय निकायों का सम्मान

रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य के 7 नगरीय निकायों का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है। यह सम्मान उन्हें 17 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों मिलेगा। इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे।

तीन निकायों को मिलेगा प्रेसिडेंट अवॉर्ड

इस वर्ष छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को उनकी श्रेणी में राष्ट्रपति पुरस्कार (President’s Award) से नवाजा जाएगा —

बिलासपुर नगर निगम (3 लाख से 10 लाख आबादी श्रेणी – बड़े शहर)

कुम्हारी नगर पालिका (20,000 से 50,000 आबादी श्रेणी – छोटे शहर)

बिल्हा नगर पंचायत (20,000 से कम आबादी श्रेणी – बहुत छोटे शहर)

रायपुर को मंत्रिस्तरीय पुरस्कार

रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य स्तर पर श्रेष्ठ कार्यों के लिए केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से मंत्रिस्तरीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

सुपर स्वच्छता लीग में भी छत्तीसगढ़ के 3 नगर

इस वर्ष पहली बार शुरू की गई सुपर स्वच्छता लीग (Super Sanitation League – SSL) में भी छत्तीसगढ़ के 3 नगरीय निकायों ने स्थान बनाया है:

अंबिकापुर नगर निगम (50,000 से 3 लाख आबादी)

पाटन नगर पंचायत (20,000 से कम आबादी)

विश्रामपुर नगर पंचायत (20,000 से कम आबादी)

यह लीग उन शहरों के लिए बनाई गई है जो बीते तीन वर्षों में कम से कम एक बार राष्ट्रीय टॉप-3 में स्थान प्राप्त कर चुके हैं और वर्तमान में टॉप-200 में शामिल हैं।