बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर भर्ती परीक्षाओं में नकल का हाईटेक तरीका सामने आया है। बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार को आयोजित PWD की सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा के दौरान बड़े स्तर पर नकल का भंडाफोड़ हुआ। परीक्षा में एक युवती ने अपनी बहन को वायरलेस डिवाइस और स्पाई कैमरे की मदद से आंसर बताने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
पूरा मामला सरकंडा के रामदुलारे शासकीय स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र का है। यहां PWD में असिस्टेंट इंजीनियर के 113 पदों के लिए व्यापमं द्वारा परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू हुई थी।
कैसे हुआ हाईटेक नकल का खुलासा?
मिली जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्र में अनुसूर्या नाम की अभ्यर्थी अंडरगारमेंट में स्पाई कैमरा छिपाकर अंदर गई थी। परीक्षा शुरू होते ही उसने प्रश्न पत्र को स्कैन कर अपनी बहन अनुराधा को भेज दिया। बाहर बैठी अनुराधा ने गूगल पर प्रश्नों के उत्तर सर्च किए और वॉकी-टॉकी के जरिए बहन को आंसर बताने लगी।
हाईटेक नकल का भंडाफोड़ एक ऑटो ड्राइवर ने किया। ऑटो ड्राइवर ने देखा कि अनुराधा लगातार लैपटॉप में कुछ काम कर रही थी और ईयरफोन से बात भी कर रही थी। शक होने पर उसने तुरंत अपने परिचित NSUI के नेता विकास ठाकुर को सूचना दी।
मौके पर पहुंची NSUI की टीम
सूचना मिलते ही NSUI नेता विकास ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में अनुराधा के पास से लैपटॉप, टैब, माइक्रो ईयर डिवाइस, वायरलेस ट्रांसमीटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट बरामद हुए। पूछताछ में अनुराधा ने स्वीकार किया कि वह अपनी बहन को प्रश्नों के उत्तर बता रही थी।
सरकंडा पुलिस ने किया मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
