बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज अभिनेता, निर्माता और निर्देशक धीरज कुमार का 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से एक्यूट निमोनिया से जूझ रहे थे। मंगलवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
परिजनों के अनुसार, धीरज कुमार को अस्पताल के आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। परिवार ने इस दुखद घड़ी में उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है।
अभी हाल में दिखाई दिए थे सार्वजनिक कार्यक्रम में
धीरज कुमार हाल ही में नवी मुंबई के खारघर स्थित ISKCON मंदिर के उद्घाटन समारोह में नजर आए थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के प्रयासों की सराहना की थी। वे उस दिन पूरी तरह स्वस्थ दिख रहे थे। किसी ने भी नहीं सोचा था कि इतने कम समय में वे सबको छोड़कर चले जाएंगे।
CINTAA ने जताया शोक
सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) ने भी धीरज कुमार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। CINTAA ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा-
“श्री धीरज कुमार जी के निधन से हम बेहद दुखी हैं। वे 1970 से हमारे आदरणीय सदस्य रहे हैं। उनके योगदान और उपस्थिति को हम हमेशा याद रखेंगे। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। ॐ शांति।”
1965 में रखा था इंडस्ट्री में कदम
धीरज कुमार ने अपने करियर की शुरुआत 1965 में एक टैलेंट शो से की थी। इस शो में उनके साथ सुभाष घई और राजेश खन्ना भी प्रतिभागी थे। राजेश खन्ना विजेता बने थे लेकिन धीरज कुमार ने भी अपनी जगह इंडस्ट्री में मजबूत की।
फिल्मों से लेकर टीवी तक किया शानदार काम
धीरज कुमार ने 1970 से 1984 के बीच 21 पंजाबी फिल्मों में अभिनय किया। इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड की कई फिल्मों जैसे ‘हीरा पन्ना’, ‘रातों का राजा’, ‘सरगम’, ‘बहरूपिया’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’ में भी दमदार भूमिकाएं निभाईं।
टीवी इंडस्ट्री में भी उनका योगदान अतुलनीय रहा। धीरज कुमार ने क्रिएटिव आइ प्रोडक्शन कंपनी की स्थापना की थी और इसके चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में कई हिट धारावाहिकों का निर्माण किया।
