संगीत जगत में अपनी आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले अरिजीत सिंह अब एक नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। फेमस प्लेबैक सिंगर और म्यूजिक आइकन अरिजीत सिंह जल्द ही बतौर डायरेक्टर अपनी पहली फिल्म का निर्देशन करेंगे।
खास बात यह है कि उनकी पहली फिल्म एक पैन इंडिया जंगल एडवेंचर फिल्म होगी। इस प्रोजेक्ट को प्रोड्यूस कर रही है महावीर जैन फिल्म्स, जो बड़े बजट की फिल्मों के लिए जानी जाती है।
कोयल सिंह के साथ मिलकर लिखी स्क्रिप्ट
सूत्रों के मुताबिक, अरिजीत सिंह ने इस फिल्म की कहानी कोयल सिंह के साथ मिलकर लिखी है। फिलहाल फिल्म की कास्टिंग और प्री-प्रोडक्शन का काम जारी है। बहुत जल्द फिल्म का टाइटल और स्टारकास्ट का ऐलान किया जाएगा।
संगीत से सिनेमा तक—अरिजीत का नया सफर
अरिजीत सिंह ने म्यूजिक इंडस्ट्री में जो मुकाम हासिल किया है, वह किसी परिचय का मोहताज नहीं। वे लगातार कई सालों से Spotify पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले भारतीय कलाकार बने हुए हैं। उन्हें दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुके हैं।
अब निर्देशन के क्षेत्र में उनका यह कदम बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा में एक नई ऊर्जा लेकर आ सकता है। अरिजीत का कहना है कि वो हमेशा से सिनेमा के तकनीकी पहलुओं में रुचि रखते थे और अब इस सपने को साकार करने का समय आ गया है।
महावीर जैन फिल्म्स की बड़ी पेशकश
महावीर जैन की प्रोडक्शन कंपनी इससे पहले भी कई बड़ी फिल्मों का निर्माण कर चुकी है। अब अरिजीत सिंह के निर्देशन में बन रही यह जंगल एडवेंचर फिल्म दर्शकों के लिए एक नया अनुभव लेकर आएगी।
फिल्म के बारे में अधिक जानकारी के लिए फैंस को थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। जल्द ही टीम फिल्म के टाइटल और स्टार कास्ट की घोषणा करेगी।
